बड़वानी (नरेंद्र तिवारी) न्यायाधीश प्रथम अपर सत्र न्यायालय बडवानी श्री चंदनसिंह चौहान के वि.स.प्रकरण क्र. 02/2023 के अपने फैसले आरोपी भूपेन्द्र पिता जगननाथ पाटीदार उपयंत्री विकासखंड स्त्रोत समन्वयक सेंधवा निवासी सनावद को रिश्वत लेने के आरोप में धारा 7, 13(1)(डी),13(2) भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 एवं में 4-4 वर्ष एवं 20000-20000 रूपये के अर्थदंड से दंडित किया। अभियोजन की ओर से पैरवी श्री सरदारसिंह अजनारे विशेष लोक अभियोजक (लोकायुक्त)जिला बड़वानी द्वारा की गई।
श्री महेश पटेल उपनिदेशक अभियोजन जिला बड़वानी विशेष पुलिस स्थापना लोकायुक्त संगठन थाना म.प्र.भोपाल में पंजीबद्ध अपराध क्रमांक 105/2020 धारा-7, 13(1) बी, 13(2) भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम 2018 विरूद्ध आरोपी भूपेन्द्र पाटीदार, उपयंत्री (संविदा) कार्यालय विकासखण्ड स्त्रोत समन्वयक सेंधवा की विवेचना पूर्ण हो चुकी है। आरोपी के विरूद्ध अभियोग पत्र माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया.जा रहा है।
प्रकरण का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि 19 अगस्त 2020 को आवेदक मुकेश निहाले, पिता श्री रामचंद्र निहाले, प्राथमिक शिक्षक, शासकीय प्राथमिक विद्यालय सोंदुल घाटी संकुल केन्द्र झापडी पाडला विकासखण्ड सेंधवा जिला बडवानी, निवासी-ग्राम सेगांव थाना ऊन जिला खरगोन ने विशेष पुलिस स्थापना लोकायुक्त कार्यालय इंदौर में उपस्थित होकर पुलिस अधीक्षक के समक्ष एक टाईपशुदा शिकायत आवेदन पत्र, इस आशय का पेश किया था कि आवेदक, शासकीय प्राथमिक विद्यालय सॉेदुल घाटी संकुल केन्द्र झापडी पाडला विकासखण्ड सेंधवा में प्राथमिक शिक्षक के पद पर पदस्थ था। म०प्र० राज्य शिक्षा केन्द्र भोपाल से शासकीय प्राथमिक विद्यालय सॉदुल घाटी के लिये बालक-बालिका के पृथक-पृथक शौचालय हेतु राशि जारी की गई थी, जो उचित माध्यम से स्कूल में गठित शाला प्रबंध समिति के नाम पर राशि आयी थी। आवेदक, शाला प्रबंध समिति में सचिव का कार्य संपादित कर रहा था। शाला प्रबंध समिति द्वारा विद्यालय परिसर में बालक-बालिका के पृथक-पृथक शौचालय का निर्माण करवाया जा रहा था, शौचालय के निर्माण की आखरी किश्त लगभग 1,00,000/- रूपये शेष थी। इस आखरी किश्त को निकलने के लिए कार्यालय विकास खण्ड स्त्रोत समन्वयक जनपद शिक्षा केन्द्र सेंधवा में पदस्थ उपयंत्री भूपेन्द्र पाटीदार द्वारा कार्य का मूल्यांकन कर किये गये कार्य का कार्यपूर्णता मूल्यांकन प्रमाण पत्र जमा किये जाने पर ही राशि विद्यालय को प्राप्त होना थी। इस कार्य हेतु उपयंत्री भूपेन्द्र पाटीदार ने आवेदक से प्रतिभूति राशि के नाम पर 30,000/-रूपये ले लिये थे और 20,000/- रूपये रिश्वत राशि की और मांग की जा रही थी। आवेदक, उपयंत्री भूपेन्द्र पाटीदार, को रिश्वत नहीं देना चाहता था, बल्कि उसे रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकडवाना चाहता था। इस बाबत आवेदक ने अनावेदक के विरूद्ध विशेष पुलिस लोकायुक्त इंदौर में शिकायत की थी शिकायत के आधार पर विवेचना पूर्ण कर अभियुक्त के विरूद्ध कार्यवाही कर अनुसंधान पूर्ण कर माननीय विशेष न्यायालय बड़वानी में अभियोग पत्र प्रस्तुत किया।