खजराना गणेश धारण करेंगे 4:50 करोड़ का हीरे जड़ित मुकुट
इंदौर (नरेंद्र तिवारी ) इंदौर शहर का प्रमुख आस्था का केंद्र खजराना गणेश मंदिर में इस बार भी भव्य पैमाने पर गणेश चतुर्थी महोत्सव मनाया जाएगा। 10 दिनों तक मंदिर को आकर्षक फूलों से सजाया जाएगा। गणेश चतुर्थी महोत्सव की तैयारीयों को लेकर 25 जुलाई को मंदिर परिसर में सुबह 10:30 बजे मंदिर प्रबंधन समिति के अध्यक्ष कलेक्टर आशीष सिंह की अध्यक्षता में बैठक होगी। इस बैठक में गणेश चतुर्थी महोत्सव के आयोजन को लेकर रखे गए प्रस्तावों पर चर्चा की जाएगी और मंदिर विकास, व्यवस्थाओं को लेकर भी कई प्रस्ताव रखे जाएंगे। मंदिर के पुजारी पंडित अशोक भट्ट ने बताया कि खजराना गणेश जी के लिए लगभग 4.5 करोड़ रु कीमत का हीरे जड़ित स्वर्ण मुकुट बनाया जा रहा है। प्रयास किया जा रहा है कि गणेश चतुर्थी तक यह भव्य स्वर्ण मुकुट तैयार हो जाए और गणेश जी को चतुर्थी के मौके पर इसे धारण कराया जाए। इस स्वर्ण मुकुट को बंगाल के विशेष स्वर्ण कारीगरों द्वारा तैयार किया जा रहा है। पहले चांदी से इसकी डमी तैयार की जाएगी फिर सोने से इसे बनाया जाएगा।